

बिलासपुर, 22 अप्रैल 2026। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रिसदा में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना 21 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसने क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी जीवन नोरगे (65 वर्ष), निवासी ग्राम रिसदा, ने अपनी पत्नी सरस्वती नोरगे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना में अपराध क्रमांक 241/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में टीम गठित कर उप पुलिस अधीक्षक मस्तूरी को मौके पर भेजा गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर एफएसएल यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारियों की सहायता से साक्ष्य संकलित किए और जांच शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर 21 अप्रैल को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
