अग्निशमन सेवा सप्ताह: रिवरव्यू में ‘फायर शो’ और मॉक ड्रिल, नागरिकों को सिखाए आग से बचाव के उपाय


बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। जिले में चल रहे ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के तहत रिवरव्यू तट पर नगर सेना द्वारा भव्य ‘फायर शो’ और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। 14 से 20 अप्रैल तक चल रहे इस अभियान के अंतर्गत आम नागरिकों को आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रदर्शन तक सीमित न रहकर नागरिकों को आपात स्थिति में आत्मनिर्भर बनाना रहा। नगर सेना की टीम ने रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उससे निपटने के तरीके का लाइव प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि घबराहट के बजाय सूझ-बूझ से काम लेते हुए गीले बोरे जैसे साधनों का उपयोग कर आग पर शीघ्र काबू पाया जा सकता है।


कार्यक्रम की विशेषता जनभागीदारी रही। मौके पर मौजूद नागरिकों ने स्वयं आगे बढ़कर मॉक ड्रिल में हिस्सा लिया और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आग बुझाने की तकनीक का अभ्यास किया। इस दौरान अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंगुइशर) के सही उपयोग की भी जानकारी दी गई और लोगों को इसे संचालित करने का प्रशिक्षण दिया गया।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों और सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह जन-सेवा के लिए तत्पर रहने की अपील की।
जिला सेनानी दीपांकुर नाथ और पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आगजनी की घटनाओं में “सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव” है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आग लगने की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें और प्राथमिक बचाव के उपायों की जानकारी रखें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, सीएसपी (कोतवाली) गगन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) राम गोपाल करियारे, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, डीएसपी लाइन मंजुला केरकेट्टा सहित नगर सेना एवं पुलिस के अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नगर सेना का यह जागरूकता अभियान 20 अप्रैल तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य आगजनी से होने वाली जन-धन की हानि को कम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!