कार बचाने के प्रयास में स्कूल बस कचरा गाड़ी से टकराई, महिला कर्मी घायल


बिलासपुर। मंगला रोड स्थित महर्षि स्कूल के पास एक सड़क हादसे में स्कूल बस और नगर निगम की कचरा गाड़ी आपस में टकरा गई। दुर्घटना में कचरा गाड़ी में सवार एक महिला कर्मी घायल हो गई, जबकि बस में सवार बच्चे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम की कचरा गाड़ी के चालक सत्यनारायण धुरी सुबह करीब 10:30 बजे कचरा लेकर एसएलआर सेंटर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूल बस (सीजी 10 जी 1585) के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए साइड से टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी में सवार स्वच्छता कर्मी निशा खुटे के हाथ और कमर में चोट आई है।
वहीं, स्कूल बस चालक गणेश यादव ने अपने बयान में बताया कि वह डीजल भरवाने के लिए मंगला चौक की ओर जा रहा था। इस दौरान कचरा गाड़ी का चालक सड़क पर चल रही एक कार को देखते हुए अचानक वाहन बस की दिशा में मोड़ दिया, जिससे टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस का विंडशील्ड, मिरर और बंपर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक और कंडक्टर सुरक्षित रहे।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर महर्षि स्कूल के बस इंचार्ज अजय कुमार तिवारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के कर्मचारी आपस में बहस करने लगे, जिससे जाम की स्थिति और बढ़ गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!