

बिलासपुर। शहर में इस वर्ष गर्मी ने अप्रैल के मध्य में ही तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों को और अधिक चुनौतीपूर्ण बताते हुए 19 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और वृद्धि की संभावना जताई गई है।
एंटी-साइक्लोन से बढ़ी तपिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिलासपुर समेत छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर एंटी-साइक्लोन (प्रति चक्रवात) सक्रिय है। इसके प्रभाव से वातावरण में नमी तेजी से कम हो रही है और गर्म हवाएं नीचे की ओर दबाव बना रही हैं। परिणामस्वरूप सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर असर डाल रही हैं, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। कर्नाटक-महाराष्ट्र क्षेत्र में सक्रिय इस प्रणाली के चलते फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं।
प्रदेश में दूसरे स्थान पर बिलासपुर
प्रदेश में सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बिलासपुर 42.8 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2017 में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा था, जबकि 2025 में 43.8, 2021 में 42.8, 2024 में 42.4 और 2020 में 41.4 डिग्री दर्ज किया गया था।

लोगों को बरतनी होगी सावधानी
तेज गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ओआरएस, लस्सी या नींबू पानी का सेवन करने तथा हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। लू लगने के लक्षण दिखने पर तुरंत ठंडा पानी देने और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराने की अपील की गई है।
प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
