
बिलासपुर। रोजी-रोटी की तलाश में महाराष्ट्र गए एक श्रमिक के साथ मारपीट और बंधक बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी किसी तरह वहां से बचकर अपने गांव पहुंची और पुलिस प्रशासन से पति को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम सुकुलकारी निवासी संतोष महिलांगे नवंबर 2025 में अपने परिवार के साथ पुणे काम करने गए थे। आरोप है कि पुणे के चांदे गांव में ठेकेदार ने मजदूरी का भुगतान करने से इनकार कर दिया। जब संतोष ने इलाज के लिए पैसे मांगे, तो ठेकेदार भुवनेश्वर राय और सुरेंद्र राय ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसे बंधक बना लिया।
पीड़ित की पत्नी ने बताया कि घटना के बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने गांव पहुंची और बिलासपुर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। उसने एएसपी से पति को सुरक्षित छुड़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग मजदूर के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।
पीड़ित परिवार ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस की सलाह पर श्रम विभाग को भी आवेदन दिया गया है, ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि संतोष महिलांगे को जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
