10 राज्यों में ठगी का नेटवर्क, सप्लायर के म्यूल अकाउंट से लाखों का लेनदेन — FIR दर्ज


बिलासपुर। जिले के कोनी क्षेत्र में साइबर ठगी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक तथाकथित “म्यूल अकाउंट” का खुलासा करते हुए सेमरताल गांधी चौक निवासी संजय कुमार साहू के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है। आरोपी पेशे से बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर बताया जा रहा है।
पुलिस जांच के अनुसार, संजय साहू के बैंक खाते का इस्तेमाल देशभर में लोगों से ठगी गई रकम को इधर-उधर करने के लिए किया जा रहा था। भारत सरकार के पुलिस पोर्टल “समन्वय (JMIS)” के जरिए जब संदिग्ध खातों की जांच की गई, तब आईडीबीआई बैंक के एक खाते पर संदेह हुआ। रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि इस एक खाते के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 10 से अधिक साइबर शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने 20 जनवरी 2026 को यह खाता खुलवाया था और खाता खुलते ही इसमें बड़ी मात्रा में रकम का लेनदेन शुरू हो गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने कमीशन के लालच में या जानबूझकर अपना खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।
ठगी की रकम खाते में आते ही उसे तत्काल यूपीआई और एटीएम के माध्यम से निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था, जिससे रकम का ट्रैक करना मुश्किल हो जाए। इस तरह के म्यूल अकाउंट का उपयोग ठगी की रकम को छिपाने और आगे पहुंचाने के लिए किया जाता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!