


बिलासपुर। थाना तोरवा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे एक आदतन बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, तोरवा पुलिस द्वारा क्षेत्र में संध्या पेट्रोलिंग और अड्डेबाजों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 14 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी रजनीश सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि देवरीखुर्द बाजार के पास एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान ईलु उर्फ राजेश्वर गर्ग (30 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराधियों और अड्डेबाजों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
