

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र में ढाबा संचालक को अवैध शराब मामले में फंसाने की धमकी देकर वसूली करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई, थाने के रीडर और एसडीओपी के गनमैन को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, एएसआई शिव चंद्रा, रीडर शशिकरण कुरें और गनमैन शिवधन बंजारे ढाबे पर दबिश देने पहुंचे थे। नियमानुसार संदिग्ध को थाने लाने के बजाय तीनों उसे थाने के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा मकान में ले गए, जहां उसे बंधक बनाकर आबकारी एक्ट में जेल भेजने का भय दिखाया गया। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पैसे की मांग भी की।
इसी बीच थाने के अन्य कर्मचारियों को सौदेबाजी की भनक लग गई, जिसके बाद तीनों ने जल्दबाजी में ढाबा संचालक को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित ने सीधे एसएसपी से शिकायत की, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया।
मामले की जांच जारी है और आगे विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
