


बिलासपुर। भगवान भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर इस वर्ष शहर में 18 से 21 अप्रैल तक चार दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समग्र ब्राह्मण समाज एवं परशु सेना के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न ब्राह्मण समाजों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
आयोजन की शुरुआत 18 अप्रैल को लोखंडी स्थित कान्यकुब्ज भवन में पूजा-अर्चना के साथ होगी। 19 अप्रैल को परशु सेना द्वारा होटल आनंदा इंपीरियल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर इमलीपारा कान्यकुब्ज भवन में पूजा व भंडारे का कार्यक्रम होगा। इसी दिन घोघा बाबा मंदिर में उपनयन संस्कार तथा राजकिशोर नगर में भगवान की आरती आयोजित की जाएगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 21 अप्रैल को शाम 4:30 बजे दयालबंद स्थित शीतला माता मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पं. देवकीनंदन दीक्षित स्कूल पहुंचकर संपन्न होगी। यहां धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वामी घनश्यामाचार्य महाराज प्रमुख आशीर्वचन देंगे। इसके पश्चात महाआरती एवं भजन संध्या का आयोजन होगा।
शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए मार्गों को तोरण, झंडों एवं स्वागत द्वारों से सजाया जाएगा। बैंड, स्थानीय नर्तक दल, प्रयागराज की झांकियां तथा बस्तर के पारंपरिक वाद्य यंत्र आयोजन की विशेष आकर्षण होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों में डॉ. प्रदीप शुक्ला, अरविंद दीक्षित, चंद्रप्रकाश वाजपेयी, एसएसडी बड़गैय्या, विवेक वाजपेयी, महेश दुबे, बी. उमा महेश, राकेश शर्मा एवं राजेश पांडेय सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
