नो-पार्किंग पर सख्ती: यातायात पुलिस की कार्रवाई तेज, व्हील लॉक व लिफ्टर से उठाए जा रहे वाहन


बिलासपुर। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पीक आवर्स में विशेष निगरानी रखते हुए चालानी कार्रवाई के साथ-साथ व्हील लॉक और लिफ्टर का उपयोग कर वाहनों को उठाया जा रहा है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक इंजीनियरिंग सुधार और जनजागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।


व्हील लॉक और कैमरों से निगरानी
यातायात पुलिस ने बड़ी संख्या में व्हील लॉक खरीदे हैं, जिनके माध्यम से नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के पहियों को लॉक कर चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम) के जरिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर कैमरों से निगरानी रखी जा रही है, ताकि नियम उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।


ड्रोन से भी रखी जा रही नजर
शाम के समय भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी कर अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों की पहचान की जा रही है। इसके बाद मौके पर टीम भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी चेतावनी
यातायात पुलिस ने बैंक, मॉल, होटल, पेट्रोल पंप और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने यहां आने वाले ग्राहकों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करें। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ भी निगम नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
मार्केट और रिहायशी क्षेत्रों में विशेष अभियान
शहर के घनी आबादी वाले बाजार और रिहायशी इलाकों में विशेष अभियान चलाकर अवैध पार्किंग हटाई जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पीक आवर्स में नियमित रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करें और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्ती बरतें।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें, ताकि सड़क पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!