पुलिस विभाग में बढ़ती अनुशासनहीनता का नया मामला , वर्दी में रील्स का  विवाद: फिर वायरल हुआ एक और आरक्षक का वीडियो, सोशल मीडिया पर बहस तेज


बिलासपुर। जिले में पुलिसकर्मियों द्वारा वर्दी में सोशल मीडिया रील्स बनाने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मस्तूरी में पदस्थ एक आरक्षक को वर्दी में पत्नी के साथ डांस करते वीडियो के वायरल होने पर एसएसपी द्वारा लाइन अटैच किए जाने के बाद अब एक और आरक्षक का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।
बताया जा रहा है कि नए वायरल वीडियो में संबंधित आरक्षक अपनी पत्नी के साथ वर्दी में इंस्टाग्राम रील बनाते नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे अनुशासनहीनता बताते हुए वर्दी की गरिमा के खिलाफ मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे सामान्य सोशल मीडिया गतिविधि कहकर समर्थन कर रहे हैं।
वायरल रील पर एक यूजर ने कमेंट किया—“अब आपकी बारी”, जिस पर आरक्षक ने जवाब देते हुए लिखा—“आई एम वेटिंग ब्रो।” इसके बाद यह टिप्पणी भी चर्चा का विषय बन गई है।
जानकारी के मुताबिक, संबंधित आरक्षक की इंस्टाग्राम आईडी “life_दोस्तों1999” पर पहले से ही कई रील्स मौजूद हैं, जिनमें कुछ वीडियो वर्दी में भी बनाए गए हैं। इससे पहले वाले मामले में लाइन अटैच किए गए आरक्षक का डांस वीडियो भी अब तक सोशल मीडिया पर वायरल है, वहीं कार्रवाई के बाद उनकी पत्नी का रोते हुए वीडियो भी चर्चा में बना हुआ है।
फिलहाल, इस नए मामले को लेकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!