सरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से 62 किलो से अधिक गांजा बरामद, तस्कर फरार

बनवारी लाल केवट


सारंगढ़-बिलाईगढ़। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कार से 62 किलो 245 ग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक OD 02 BV 7653) में गांजा लेकर शक्ति-जांजगीर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम बोरिदा के बगीचा तालाब के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर कार चालक वाहन को दूर खड़ा कर मौके से भाग निकला। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर 59 पैकेट में कुल 62 किलो 245 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा और कार को जब्त कर लिया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 90 हजार रुपए और कार की कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 10 लाख 90 हजार रुपए बताई गई है।
मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना स्टाफ और साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!