

बिलासपुर, 05 अप्रैल 2026। सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 2 नग धारदार चाकू भी बरामद किए हैं।
पहली कार्रवाई में पुलिस टीम ने 4 अप्रैल को पैदल पेट्रोलिंग के दौरान फोकटपारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सूचना पर दबिश दी।

जानकारी मिली थी कि कतियापारा मिनी स्टेडियम के पीछे एक युवक हथियार लहराकर राहगीरों को डरा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सचिन लोनिया (26 वर्ष) निवासी कतियापारा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने पूर्व में दर्ज एक मारपीट और हमले के मामले में आरोपी मानस गढेवाल (24 वर्ष) निवासी शिव चौक कतियापारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 30 मार्च को श्याम बिहारी यादव से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से मना करने पर उसने मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था।
इस मामले में पहले से बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
