

बिलासपुर। थाना तारबाहर पुलिस ने शेयर मार्केट में पैसा निवेश कर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने महिला से चार किस्तों में कुल 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया अंजना फ्रांसिस ने 16 फरवरी 2026 को थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी गोविंद कुमार (32 वर्ष), निवासी वृंदावन कॉलोनी, शिवानंद नगर सेक्टर-3, थाना गुडियारी, जिला रायपुर ने उन्हें अपने झांसे में लेकर शेयर मार्केट में निवेश करने पर दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने अलग-अलग चार किस्तों में 2 लाख रुपये ले लिए, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी तारबाहर निरीक्षक रविंद्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविंद्र अनंत, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक रूपलाल चंद्रा एवं राहुल राजपूत का सराहनीय योगदान रहा।
