

भीक्षा मांगकर जीवन यापन करने वाले ग्रामीण ने पूजा कमरे में चाकू से अपना गला रेत लिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई है। घटना से गांव में मातम छा गया है।
पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया, ग्राम जोंधरा निवासी चंदन नट पिता स्व. कार्तिक नट 45 साल गांव में भीक्षा मांगकर जीवन यापन कर रहा था। वह पूजा पाठ करने में लीन रहता था। 17 मार्च की शाम 7 बजे वह भीक्षा मांगकर घर लोटा और घरवालों से बातचीत करने के बाद पूजा कमरे में पूजा करने चले गया। बाद में उसकी बहू खाना खाने के लिए बुलाने पूजा रूम में गई तो चंदन नट खून से लथपथ तड़पता नजर आया, उसके पास चाकू पड़ा हुआ था, गले में चाकू से रेतने के गहरे निशान थे। आनन फानन में घरवाले उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे।

17 मार्च को दिन भर भीक्षा मांगने के बाद शाम को घर लौटते समय चंदन नट ने घर के पास स्थित एक दुकान से नया चाकू खरीदा था। उसने पूजा कमरे में उसी नए चाकू से गला रेत लिया। इससे संभावना जताई जा रही है कि उसने पहले से खुदकुशी करने की योजना बना ली थी।
रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। उसके बाद परिजन शव घर लेकर आ गए। पूजा कमरे में चंदन नट की खून से लथपथ लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। 18 मार्च की सुबह एडीशनल एसपी मधुलिका सिंह, पचपेड़ी पुलिस, एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। एफएलएस एक्सपर्ट के द्वारा सुक्ष्मता से घटना स्थल व शव का परिक्षण किया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है।
