चिल्हाटी में पुल के नीचे मिला भ्रूण, जांच में जुटी पुलिस

शशि मिश्रा

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौकी अंतर्गत चिल्हाटी-गतौरा मार्ग पर एक अज्ञात भ्रूण मिलने की घटना सामने आई है। पुल के नीचे काली प्लास्टिक में भ्रूण फेंके जाने की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य बताया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार तड़के लगभग 4 से 5 बजे के बीच कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चिल्हाटी से गतौरा रोड स्थित पुल के नीचे एक काली प्लास्टिक में भ्रूण फेंका गया। सुबह लोगों की नजर उस पर पड़ने के बाद मामले की जानकारी तत्काल डायल-112 को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते जानकारी मिलने से भ्रूण को आवारा जानवरों द्वारा नुकसान नहीं पहुंचा।

फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है तथा मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भ्रूण वहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में संवेदनशीलता और जागरूकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!