तालाब में मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश, शिनाख्त के प्रयास में जुटी सकरी पुलिस

शशि मिश्रा

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोरभट्ठीकला स्थित तेली तालाब में बुधवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चोरभट्ठीकला के सरपंच शिवदयाल यादव ने सकरी थाना पुलिस को सूचना दी कि गांव के तेली तालाब में एक व्यक्ति का शव पानी में दिखाई दे रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव मिलने के समय वह गुलाबी और काले रंग की चेकदार शर्ट पहने हुए था। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

सकरी पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!