

बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी पर ढाबा संचालक के साथ मारपीट और धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर सिख समाज में आक्रोश है और एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुनानक ढाबा संचालक कुशल माखीजा ने आरोप लगाया है कि सोमवार रात चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। बताया गया कि ढाबे में खड़ी एक बिना नंबर की बाइक को पुलिस थाने ले गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर कुशल माखीजा रात करीब साढ़े 8 बजे थाने पहुंचे और बाइक ले जाने का कारण पूछा।
आरोप है कि इस बात पर टीआई उमेश साहू भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें रीडर कक्ष में ले जाकर उनकी दाढ़ी खींची और मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि उन्हें करीब 4 घंटे तक थाने में बैठाकर रखा गया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।

इस घटना को सिख समाज ने धार्मिक भावना से जोड़ते हुए गंभीर आपत्ति जताई है। मंगलवार दोपहर गुरुद्वारे के पदाधिकारी व सदस्य—मनजीत सिंह अरोरा, नितिन छाबड़ा, सोनू गांधी सहित अन्य लोग ढाबा संचालक के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात कर आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह परिहार को जांच के निर्देश दिए हैं। सीएसपी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
घटना के बाद सिख समाज में नाराजगी का माहौल है और वे निष्पक्ष जांच के साथ दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
