बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात: पूजा कमरे में खून से लथपथ मिला ग्रामीण, अस्पताल ले जाते समय मौत


बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोंधरा में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के पूजा कक्ष में एक ग्रामीण खून से लथपथ हालत में मिला, जिसकी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार जोंधरा निवासी चंदन नट (45) भीख मांगकर अपना जीवन-यापन करता था। मंगलवार शाम वह घर लौटा और अपने बड़े भाई के साथ कुछ देर तक बातचीत करता रहा। इसके बाद वह घर के अंदर चला गया।
शाम करीब 6 बजे उसकी बहू किसी काम से पूजा कमरे की ओर गई, जहां उसने चंदन को खून से सना पड़ा देखा। बहू के शोर मचाने पर उसका बेटा सुल्तान और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल चंदन को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर से डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस घर के अंदर घुसकर हत्या करने वाले आरोपी और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!