

बिलासपुर। शहर में जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं वाला क्रिकेट स्टेडियम बनने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। बीसीसीआई के प्रस्ताव पर मंगला क्षेत्र में 12 एकड़ जमीन पर नया क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा, जहां रणजी ट्रॉफी सहित राष्ट्रीय स्तर के मैच आयोजित किए जा सकेंगे।
शहर विधायक अमर अग्रवाल ने राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम निर्माण के लिए बीसीसीआई द्वारा छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) को फंड उपलब्ध कराया जाएगा। नगर निगम की एमआईसी में मंगला में 12 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव पारित कर शासन के पास मंजूरी के लिए भेज दिया गया है।
विधायक ने कहा कि बीसीसीआई देशभर में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए खेल अधोसंरचना विकसित कर रहा है। इसी योजना के तहत पिछले तीन वर्षों से बिलासपुर में क्रिकेट स्टेडियम के लिए जमीन की तलाश की जा रही थी। जिला क्रिकेट संघ और प्रशासन द्वारा कई स्थानों का निरीक्षण किया गया, लेकिन विभिन्न कारणों से जमीन तय नहीं हो पा रही थी। आखिरकार मंगला में नगर निगम की 28 एकड़ जमीन में से 12 एकड़ जमीन स्टेडियम के लिए फाइनल की गई है।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने से बिलासपुर के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
बहतराई स्टेडियम में 28 खेलों की सुविधाएं
विधायक अमर अग्रवाल ने बताया कि बहतराई में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से खेलों के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है, जहां 28 प्रकार के खेल आयोजित किए जा सकते हैं। यहां खेलो इंडिया योजना के तहत एथलेटिक्स, हॉकी और आर्चरी की अकादमी संचालित हो रही है, जबकि राज्य स्तर पर कबड्डी अकादमी भी चल रही है। हालांकि अन्य खेलों के लिए भी सुविधाएं बढ़ाने की आवश्यकता है।
शासन से मंजूरी का इंतजार
नगर निगम की महापौर पूजा विधानी ने बताया कि मंगला में क्रिकेट स्टेडियम के लिए 12 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव एमआईसी से पास कर शासन को भेज दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद स्टेडियम निर्माण की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
