लावारिस टाटा ऐस से 40 किलो गांजा बरामद, सकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई


बिलासपुर। सकरी थाना पुलिस ने लावारिस खड़े एक वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने वाहन के नीचे बनाए गए विशेष चैंबर से करीब 40 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को थाना सकरी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भरनी मेला ग्राउंड, पिंडारी मोड़ के पास एक वाहन पिछले दो दिनों से लावारिस हालत में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की।


जांच के दौरान वाहन से गांजा जैसी तीव्र गंध आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान पाया गया कि वाहन क्रमांक CG 29 A 3487 टाटा ऐस में अज्ञात आरोपी द्वारा गाड़ी के नीचे विशेष रूप से चैंबर बनाकर उसमें गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन से करीब 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया और टाटा ऐस वाहन सहित पूरे माल को जब्त कर लिया। जब्त गांजा और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 25,20,000 रुपये आंकी गई है।
फिलहाल सकरी पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!