झाड़-फूंक के बहाने घर से जेवर और नकदी पार करने वाली महिला गिरफ्तार, दो साल से थी फरार


बिलासपुर। झाड़-फूंक के बहाने घर में रखे नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में फरार चल रही महिला को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कुकदा का है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कुकदा बजरंग चौक निवासी मनीषा कानगो ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 दिसंबर 2023 की रात उसके पिता अनिल कानगो और मां गोंदा बाई ने झाड़-फूंक कराने के लिए जनक राम सौरा और उसकी पत्नी को जाली से घर बुलाया था।


झाड़-फूंक के दौरान एक पेटी में रखे 50 हजार रुपए नकद, लगभग 40 ग्राम चांदी की पायल, एक जोड़ी बिछिया, दो सोने की फुली और दो चांदी की अंगूठियां रखकर ताला लगा दिया गया था और चाबी प्रार्थिया की मां को दे दी गई थी। इसके बाद आरोपी दंपती ने परिवार के सदस्यों को नींबू देकर आंगन और अन्य स्थानों पर गाड़ने के लिए भेज दिया।
जब परिवार करीब दस मिनट बाद कमरे में लौटा तो आरोपी दंपती ने उन्हें रातभर दिया जलने देने और पेटी न खोलने की बात कहकर वहां से चले गए। सुबह जब पेटी खोली गई तो उसमें रखे करीब 60 हजार रुपए कीमत के नकद और जेवर गायब थे।


शिकायत के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जनक राम सौरा की मौत हो चुकी है, जबकि उसकी पत्नी झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई (55 वर्ष) जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई थी।
14 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ महिलाएं बनियाडीह क्षेत्र में घूम रही हैं। पुलिस टीम ने महिला आरक्षक के साथ संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में महिला ने गलत नाम-पता बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान झुनिया बाई उर्फ शांति बाई के रूप में बताई।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!