जांजगीर-चांपा: कलयुगी पिता ने 5 वर्षीय बेटे को नहर में डुबोकर की हत्या, पामगढ़ पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रेशम लाल यादव (27) निवासी ग्राम भैसो, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रेशम यादव की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पारिवारिक विवाद और मारपीट के चलते उसकी पत्नी दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी, जबकि 5 वर्षीय बेटा आयुष आरोपी के पास ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी को फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मार देगा और फिर खुद भी आत्महत्या कर लेगा।
घटना के मुताबिक 13 मार्च की शाम आरोपी अपने बेटे आयुष को साथ लेकर घर से निकला। इसके बाद 14 मार्च की देर रात करीब 1 बजे उसने ग्राम भिलौनी के आवास पारा स्थित नहर में बेटे को डुबोकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रात करीब 2 बजे अपनी पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बता दी।
घटना की सूचना मिलते ही विजय कुमार पाण्डेय (पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा) के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
थाना प्रभारी सावन सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन सारथी के साथ उपनिरीक्षक संतोष बंजारे, रामदुलार साहू, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले और भुवनेश्वर पटेल सहित पामगढ़ थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!