

बिलासपुर। दुर्ग और बलरामपुर में सामने आए अफीम की अवैध खेती के मामलों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कश्यप कॉलोनी मोड़ के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति भी बनी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और शहर जिला अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पुराना बस स्टैंड से भाजपा कार्यालय की ओर मार्च करते हुए निकले थे। प्रशासन ने कश्यप कॉलोनी मोड़ के पास टिन की चादरों से दीवार बनाकर बैरिकेडिंग की थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसी को आगे बढ़ने नहीं दिया।

सरकार पर लगाए सांठगांठ के आरोप
इस दौरान ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और शहर जिला अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि इतने बड़े स्तर पर अफीम जैसे प्रतिबंधित नशे की खेती प्रशासनिक और राजनीतिक सांठगांठ के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सुशासन का दावा करने वाली भाजपा सरकार के नाक के नीचे भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा अफीम की खेती किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे प्रदेश की जनता स्तब्ध है।

प्रदर्शन में विजय केशरवानी, विजय पांडे, राजेंद्र शुक्ला, राजेंद्र साहू, अभय नारायण राय, प्रमोद नायक, पंकज सिंह, शिल्पी तिवारी, संतोष गर्ग, हितेश देवांगन, साकेष मिश्रा, सीमा घृतेष और लक्ष्मीनाथ साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
