तेज रफ्तार ट्रेलर घर और दुकान में घुसा, युवक व महिला घायल; लाखों का नुकसान

शशि मिश्रा


बिलासपुर। जिले के सीपत क्षेत्र के देवतला मोड़ पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर दो मकानों में जा घुसा। इस हादसे में एक युवक और एक महिला घायल हो गए, वहीं किराना दुकान का सामान बर्बाद होने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे तेज गति से आ रहा एक ट्रेलर देवतला मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि वह पहले हीरा बाई सूर्यवंशी के ईंटों से बने मकान को तोड़ते हुए आगे बढ़ा और फिर मीरा अग्रवाल के घर व किराना दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया।
हादसे के समय मीरा अग्रवाल का बेटा शिवम घर के बाहर ऑटो साफ कर रहा था। अचानक दीवार गिरने और मलबा गिरने से वह घायल हो गया। वहीं पड़ोस में रहने वाली हीरा बाई सूर्यवंशी के पैर में भी गंभीर चोट आई है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान में रखा राशन का सामान, घर के बर्तन और अन्य घरेलू सामग्री मलबे में दबकर पूरी तरह नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में करीब 15 लाख रुपए से अधिक के नुकसान की बात कही है।
बताया जा रहा है कि ट्रेलर संजय अग्रवाल का है, जबकि उसका प्रबंधन निखिल अग्रवाल द्वारा किया जाता है। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग
देवतला मोड़ के स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां स्पीड कंट्रोल के उपाय करने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!