
शशि मिश्रा

बिलासपुर। ईरान से जुड़े युद्ध जैसे हालात की खबरों के बीच शहर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की मांग अचानक बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों में सिलेंडर की बुकिंग करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ गई, जबकि गैस एजेंसियों के पास फिलहाल केवल 50 से 60 प्रतिशत स्टॉक ही उपलब्ध है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने होटल और रेस्टोरेंट को होने वाली कमर्शियल गैस सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी है, जिससे कई होटलों और रेस्टोरेंट के बंद होने की आशंका भी जताई जा रही है।
हालांकि गैस एजेंसियों का कहना है कि सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और रोजाना गैस की गाड़ियां पहुंच रही हैं। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस की सप्लाई प्रभावित नहीं होगी और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
कलेक्टर ने ली गैस वितरकों की बैठक
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बुधवार को जिले के गैस वितरकों की बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने एजेंसी संचालकों को स्वयं निगरानी रखने और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से अनावश्यक रूप से ज्यादा बुकिंग न करने और घबराने से बचने की अपील की।

होटल-रेस्टोरेंट की सप्लाई रोकी
अधिकारियों के अनुसार वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई फिलहाल रोक दी गई है। अभी यह आपूर्ति केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों तक सीमित रखी गई है। इसके कारण शहर के छोटे-बड़े होटल और रेस्टोरेंट वैकल्पिक व्यवस्था की तलाश में जुट गए हैं।
जिले में 4.80 लाख घरेलू गैस कनेक्शन
जिले में घरेलू गैस के करीब 4.80 लाख कनेक्शन हैं। तीन ऑयल कंपनियों के 38 गैस वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते हैं, जिनमें से 22 वितरक केवल बिलासपुर शहर में संचालित हैं। वर्तमान में जिले में रोजाना करीब 5 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है और पिछले 10 दिनों से इसी दर से आपूर्ति जारी है।
एजेंसियों में बुकिंग और स्टॉक की स्थिति
शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों में बुकिंग और उपलब्ध स्टॉक में अंतर दिखाई दे रहा है।
एजेंसी
रिफिल बुकिंग
उपलब्ध स्टॉक
शारदा गैस
2000
1200
महामाया इंडेन
1158
684
वर्तिका इंडेन
886
642
साई प्रसाद गैस
525
297
बालाजी गैस
105
35
बिरकोना इंडेन
619
110
अमेरी अकबरी
433
389
उसलापुर गैस
283
342
कमला गैस एजेंसी
1500
700
डीजल और लकड़ी की भट्टियों की बढ़ी मांग
कमर्शियल गैस की आपूर्ति रुकने के बाद कई होटल और रेस्टोरेंट डीजल और लकड़ी से चलने वाली गुटका भट्टियों की ओर रुख कर रहे हैं। बाजार में गुटका भट्ठी की कीमत 16 से 20 हजार रुपए और डीजल भट्ठी की कीमत 35 से 40 हजार रुपए तक बताई जा रही है।
होटल-रेस्टोरेंट बंद होने का खतरा
होटल-रेस्टोरेंट एसोसिएशन के संरक्षक सुनील छाबड़ा ने कहा कि शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी महसूस होने लगी है। यदि यही स्थिति जारी रही तो कई होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की स्थिति में आ सकते हैं, क्योंकि अधिकांश प्रतिष्ठान कमर्शियल सिलेंडर पर ही निर्भर हैं। उन्होंने बताया कि कमर्शियल इंडक्शन की सप्लाई भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
अवैध भंडारण पर कार्रवाई, 72 सिलेंडर जब्त
कलेक्टर की बैठक के बाद खाद्य विभाग की टीम ने शहर में जांच अभियान चलाया। सीपत चौक स्थित महामाया गैस चूल्हा मिक्सी रिपेयर दुकान में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर अधिक कीमत पर बेचने की सूचना पर छापा मारा गया।
जांच के दौरान मुख्य दुकान के पास एक बंद शटर वाली दुकान से 33 खाली सिलेंडर बरामद हुए। वहीं दुकानदार द्वारा संचालित एक हॉस्टल परिसर की तलाशी में 39 सिलेंडर मिले। इस तरह कुल 72 सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 3 कमर्शियल सिलेंडर भी शामिल हैं।
प्रशासन की अपील
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर कमर्शियल गैस की सप्लाई सीमित कर दी गई है और फिलहाल अस्पताल व शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस की आपूर्ति सामान्य है, इसलिए अनावश्यक बुकिंग या भंडारण से बचें।
