दहेज प्रताड़ना और पहली पत्नी रहते दूसरी शादी का मामला, पति सहित चार आरोपी गिरफ्तार

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और पहली पत्नी रहते दूसरी शादी करने के मामले में पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2025 को दामोदर गोसाई निवासी तिफरा, बिलासपुर के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के करीब एक महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज कम लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति दामोदर गोसाई, सास दीपावली गोसाई, ससुर गुरुशरण गोसाई और देवर खेमन गोसाई द्वारा मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। बाद में उसे मायके भेज दिया गया और कहा गया कि दो लाख रुपये व मोटरसाइकिल देने पर ही उसे वापस घर लाया जाएगा।
मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पति दामोदर गोसाई की पहले से शादी हो चुकी थी और पहली पत्नी के रहते ही उसने दूसरी शादी की थी। इसकी जानकारी लड़की पक्ष को नहीं दी गई थी।
मामले में मुलमुला थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 82(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पारस पटेल, एसआई फुलेश्वर सिंह सिदार, प्रधान आरक्षक अनिल अजगल्ले, आरक्षक मनभावन पटेल और महिला आरक्षक श्वेता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!