महिला दिवस की पूर्व संध्या पर प्रयास आवासीय विद्यालय कोनी में महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर आयोजित


बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 7 मार्च को जिला आयुष विभाग बिलासपुर द्वारा प्रयास आवासीय विद्यालय कोनी में महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरी के पूजन के साथ की गई। इसके बाद प्रयास आवासीय विद्यालय के प्राचार्य अश्विनी कश्यप ने स्वागत उद्बोधन देते हुए महिला स्वास्थ्य जागरूकता के ऐसे आयोजनों को अत्यंत उपयोगी बताया।
शिविर में सबसे पहले आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि जितपुरे ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की इस वर्ष की थीम “Give to Gain” पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य और आत्मदेखभाल के महत्व के बारे में जानकारी दी। इसके बाद आयुष विभाग की महिला चिकित्सक डॉ. भारती श्रीवास ने छात्राओं को पीसीओडी (PCOD) जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भी छात्राओं को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर मार्गदर्शन दिया। डॉ. लता राय ने मेंस्ट्रुअल हाइजीन (मासिक धर्म स्वच्छता) के बारे में जानकारी देते हुए स्वच्छता और सावधानियों पर प्रकाश डाला, वहीं डॉ. वनिता कत्याल ने हार्मोनल इंबैलेंस से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान के बारे में बताया।


इस अवसर पर डॉ. श्वेता मार्को द्वारा छात्राओं को विशेष योगाभ्यास भी कराया गया, जिससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाली छात्राओं को चिकित्सकों द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके बाद सभी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही डॉ. रश्मि जितपुरे द्वारा छात्राओं को विषय से संबंधित स्वास्थ्य जागरूकता सामग्री का भी वितरण किया गया।
इस शिविर को सफल बनाने में आयुष औषधालय के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में फार्मासिस्ट खिलेश्वर प्रसाद, हेलन बाई इंडुआ, अनिल केवट, योग प्रशिक्षक रामेश्वर बरगाह और लिली ठाकुर सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।


इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 350 छात्राओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की और चिकित्सा परीक्षण कराया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!