नेशनल हाईवे किनारे संचालित प्रतिष्ठानों के संचालकों की बैठक, सुरक्षा नियमों का पालन करने 7 दिन का अल्टीमेटम


बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने नेशनल हाईवे मार्ग पर संचालित विभिन्न प्रतिष्ठानों के संचालकों की विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए और नियमों के पालन के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम भी दिया गया है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।


इसी कड़ी में शनिवार को चेतना भवन, बिलासपुर में नेशनल हाईवे किनारे संचालित होटल, ढाबा, पेट्रोल पंप, गैरेज, पंचर दुकान और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित व्यवसायियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न नियमों और मानकों के पालन के लिए हिदायत दी गई।
पुलिस ने संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने भारी वाहनों को खड़ा न होने दें, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें और खराब वाहनों के आगे-पीछे रिफ्लेक्टर कोन जैसे सुरक्षात्मक उपकरणों का उपयोग करें। इसके अलावा प्रतिष्ठानों के सामने पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, वाहनों को हाईवे से साइड में लगाने, पुलिस से वेरिफाइड सुरक्षा गार्ड तैनात करने और एलईडी साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही दुकानों और प्रतिष्ठानों के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाने, ‘धीरे चलें’, ‘सावधान’, ‘गो स्लो’ जैसे सड़क सुरक्षा संकेतक लगाने और पुलिस हेल्पलाइन व अस्पताल के नंबर प्रदर्शित करने के लिए भी कहा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि 7 दिनों के भीतर इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर संबंधित व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के साथ सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, मस्तूरी, तोरवा, हिर्री, चक्करभाठा, सकरी और रतनपुर थाना प्रभारी सहित नेशनल हाईवे से जुड़े विभिन्न व्यवसायों के सैकड़ों संचालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!