
शशि मिश्रा

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हार चौकी इलाके में एक युवती की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मल्हार नगर निवासी युवती का शव उसके घर से करीब सात किलोमीटर दूर ग्राम धनगंवा स्थित एक मकान के कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता मिला।
मिली जानकारी के अनुसार धनगंवा के कोटवार बिसाहूदास मानिकपुरी ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में रहने वाले चंदन लहरिया के मकान के एक कमरे में एक युवती फांसी पर लटकी हुई है। सूचना मिलते ही मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा खुलवाकर निरीक्षण करने पर युवती का शव दुपट्टे के सहारे रोशनदान से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को नीचे उतरवाया।

पूछताछ में मृतका की पहचान मल्लिका कुर्रे के रूप में हुई, जो मल्हार के बाजारपारा की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मल्हार की रहने वाली युवती धनगंवा के एक मकान तक कैसे पहुंची और वह वहां किस परिस्थिति में थी, यह जांच का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा है।
जिस मकान में शव मिला, उसके मालिक और आसपास के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल है।
