छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुनवाई स्थगित; परिसर में सघन जांच

शशि मिश्रा


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हाई कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
रोज की तरह सुबह हाई कोर्ट में कामकाज प्रारंभ हुआ था। रमेश सिन्हा सहित सभी न्यायाधीश अपने-अपने कोर्ट रूम में मामलों की सुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान ईमेल के जरिए धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। सुरक्षागत कारणों से मुख्य न्यायाधीश ने तत्काल प्रभाव से सुनवाई स्थगित कर दी। रजिस्ट्रार जनरल ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
धमकी की जानकारी मिलते ही रजनेश सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हाई कोर्ट पहुंचे। परिसर में तैनात सुरक्षा बलों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई और आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमों ने हाई कोर्ट परिसर, कोर्ट रूम, बार रूम और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सघन तलाशी शुरू कर दी है।
अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए। हाई कोर्ट आने-जाने वाले सभी लोगों की कड़ी जांच की जा रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि ईमेल के जरिए मिली धमकी को गंभीरता से लिया गया है और पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!