नौकरी का झांसा देकर युवक के नाम पर खुलवाया म्यूल अकाउंट, 6 माह में 53 लाख का लेनदेन

शशि मिश्रा


बिलासपुर। नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक के नाम पर म्यूल बैंक खाता खोलकर लाखों रुपये के लेनदेन का मामला सामने आया है। पुलिस ने मैट्रीमोनियल साइट “रिश्ते पाइंट” के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में आकाश डहरिया द्वारा “रिश्ते पाइंट” नामक मैट्रीमोनियल साइट संचालित की जाती है। आरोप है कि उसने मंगला दीनदयाल कॉलोनी निवासी झंगल सिंह को अपने कार्यालय में नौकरी देने और वेतन देने का झांसा देकर उससे आवश्यक दस्तावेज ले लिए।
बताया जा रहा है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर झंगल सिंह के नाम से एक बैंक खाता खुलवाया गया। अप्रैल 2025 से सितंबर 2025 के बीच करीब छह माह की अवधि में उक्त खाते में लगभग 53 लाख रुपये का लेनदेन किया गया। साइबर फ्रॉड की शिकायत मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने संबंधित बैंक खाते को होल्ड कर दिया।
साइबर थाना में पूछताछ के दौरान झंगल सिंह ने बताया कि उसे इस बैंक खाते की कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद उसने पूरे मामले की रिपोर्ट सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आकाश डहरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318, 317 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!