
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान नकल का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक परीक्षार्थी ने पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) टेप पर कंप्यूटर से बेहद छोटे अक्षरों में संभावित उत्तर और महत्वपूर्ण बिंदु प्रिंट कराकर उसे परीक्षा कक्ष की टेबल के नीचे चिपका दिया था। परीक्षा के दौरान वह उसी सामग्री को देखकर उत्तर लिख रहा था।
जानकारी के अनुसार, उड़नदस्ता दल को परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वह बार-बार टेबल के नीचे देख रहा था। जब टीम ने जांच की तो टेबल के निचले हिस्से में ट्रांसपेरेंट टेप चिपका मिला, जिस पर विषय से संबंधित सामग्री अत्यंत छोटे अक्षरों में मुद्रित थी।
उड़नदस्ता दल ने तत्काल टेप को जब्त कर परीक्षा केंद्र प्रभारी को सूचना दी। इसके बाद संबंधित परीक्षार्थी के खिलाफ विश्वविद्यालय के नियमों के तहत नकल प्रकरण दर्ज कर लिया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की रिपोर्ट नकल प्रकरण समिति को भेज दी है। समिति नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई और निर्णय करेगी।
गौरतलब है कि अब तक परीक्षाओं में पर्ची, मोबाइल, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन ट्रांसपेरेंट टेप पर सूक्ष्म अक्षरों में उत्तर प्रिंट कर उसे टेबल के नीचे चिपकाकर नकल करने का यह तरीका नया और बेहद चौंकाने वाला माना जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सख्त करने के संकेत दिए हैं।
