
शशि मिश्रा

बिलासपुर। शेयर मार्केट में दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच देकर होटल व्यवसायी महिला से उसके ही पूर्व कर्मचारी द्वारा दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यापार विहार रोड क्षेत्र में होटल संचालित करने वाली अंजना फ्रांसिस ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रायपुर के फाफाडीह निवासी गोविंद कुमार कुछ माह से उनके होटल में काम कर रहा था और वहीं रह रहा था। काम के दौरान विश्वास जीतने के बाद उसने शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का प्रस्ताव दिया।
आरोप है कि गोविंद कुमार ने 17 अगस्त से 30 अगस्त 2025 के बीच चार किस्तों में कुल दो लाख रुपये नकद लिए। बाद में उसने कहा कि शेयर मार्केट में पैसा डूब गया है, इसलिए रकम वापस नहीं कर पाएगा। 10 सितंबर 2025 की रात करीब 3 बजे वह होटल से अपना सामान लेकर फरार हो गया। इसके बाद से उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार गोविंद की पत्नी भारती से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क हुआ था। उसने भी शेयर मार्केट में नुकसान होने की बात कहते हुए धीरे-धीरे रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन पिछले दो-तीन महीनों से उसने भी फोन रिसीव करना बंद कर दिया है।
मामले में पीड़िता ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
