
मल्हार। मल्हार मेले में बाइक से स्टंटबाजी कर दहशत फैलाना एक फरार आरोपी को भारी पड़ गया। करीब 10 महीने से मारपीट के मामले में फरार चल रहे प्रत्यूष बंजारे को मल्हार चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मेले के दौरान आरोपी अपनी बाइक का साइलेंसर निकालकर तेज रफ्तार में भीड़ के बीच वाहन दौड़ा रहा था। तेज आवाज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सहम गए। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि प्रत्यूष बंजारे पूर्व में दर्ज एक गंभीर मारपीट के मामले में फरार था। लगभग 10 महीने पहले थेम्हापार निवासी सुभाष टंडन के साथ ग्राम चकरबेढ़ा के आधा दर्जन युवकों ने जानलेवा हमला किया था, जिसमें पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं। इस प्रकरण में आरोपी की तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मेले में हुड़दंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
