
आकाश मिश्रा
तखतपुर (जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़)। थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम नगोई में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर भगवान श्रीराम एवं एक समाज विशेष के विरुद्ध अभद्र शब्दों का प्रयोग किया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामले को लेकर विभिन्न समाजों के लोगों ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दैहानपारा नगोई निवासी सूरज भारती पर आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर भगवान श्रीराम तथा राजपूत समाज के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वीडियो में प्रयुक्त भाषा से धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है और क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति निर्मित हुई है।
इसी क्रम में आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने भी थाना प्रभारी को अलग से ज्ञापन सौंपा। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने गोंड समाज एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के संबंध में भी अभद्र भाषा का उपयोग किया। समाज के पदाधिकारियों ने इसे सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा बताते हुए त्वरित वैधानिक कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य और तनाव उत्पन्न कर सकती हैं, इसलिए समय रहते सख्त कदम उठाना आवश्यक है।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आरोपी सूरज भारती को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने की सलाह दी है, ताकि क्षेत्र में शांति एवं आपसी भाईचारा बना रहे।
