

बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र के जंगल में पिछले एक सप्ताह से दो शावकों के साथ घूम रही बाधिन ने बीती रात एक सरकारी स्कूल के पास गाय का शिकार कर दिया। घटना के बाद वन विभाग ने गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। प्रभावित गांव में पिछले तीन दिनों से स्कूल बंद है और ग्रामीणों को घरों से अनावश्यक बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
तालाब किनारे मिले पगमार्क, एटीआर की टीम भी पहुंची
चार दिन पहले वन विकास निगम कोटा परियोजना क्षेत्र के एक गांव में ग्रामीणों ने बाधिन और उसके दो शावकों को देखा था। सूचना मिलते ही वन विभाग की मैदानी टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने टीम को तालाब के पास ले जाकर गीली मिट्टी में दिखे पगमार्क बताए। इसके बाद धूल और मिट्टी में जंगल की ओर जाते ताजा निशान भी मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व और बिलासपुर वन डिवीजन की टीम भी मौके पर पहुंची। बताया गया कि जहां बाधिन देखी गई, वह स्थान टाइगर रिजर्व की सीमा से महज 5–6 किलोमीटर दूर है, जबकि दूसरी ओर कोटा सामान्य वन मंडल का क्षेत्र लगता है।
स्कूल की बाउंड्री के पास दिखी, तीन दिन से छुट्टी
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार शाम बाधिन को सरकारी स्कूल की बाउंड्रीवाल के पास देखा गया था। एहतियात के तौर पर स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई है। शनिवार रात बाधिन ने स्कूल के समीप एक मवेशी का शिकार किया, जिसके ताजा निशान वन विभाग की टीम ने भी देखे हैं।
गांव-गांव मुनादी, गश्त बढ़ाई
वन विभाग ने गांवों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। बच्चों को घर से बाहर न निकलने और खेत-जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई है।
डीएफओ बिलासपुर डिवीजन नीरज यादव ने बताया कि बाधिन फिलहाल कोटा डिवीजन क्षेत्र में मूवमेंट कर रही है। मैदानी अमले को आसपास के गांवों में निगरानी रखने और जंगल क्षेत्र में लगातार गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग की टीम बाधिन और शावकों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, हालांकि विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
