

बिलासपुर।
सकरी थाना क्षेत्र से सामने आए एक दर्दनाक मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। शादीशुदा महिला को प्रेम जाल में फंसाकर लगातार रुपए ऐंठने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज किया है।
मामला सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार का है, जहां रहने वाली रंजिता यादव ने बीते 19 जनवरी को अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए थे, लेकिन परिजनों से पूछताछ और तथ्यों की जांच के बाद चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई।
थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि रंजिता यादव के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम खैरी निवासी सौरभ विश्वास से संबंध थे। आरोपी युवक महिला पर लगातार पैसों की मांग करता था। जब महिला ने पैसे देने से मना किया तो उसने दबाव बनाना शुरू कर दिया।
परिजनों के अनुसार, सौरभ विश्वास ने महिला के सोने-चांदी के जेवर भी गिरवी रखवा लिए और उनसे प्राप्त रकम को अपने पास रख लिया। बाद में जब महिला ने अपने जेवर वापस मांगे तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। लगातार आर्थिक दबाव और मानसिक प्रताड़ना के चलते महिला गहरे तनाव में रहने लगी थी।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी की हरकतों से महिला मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सकरी पुलिस ने आरोपी सौरभ विश्वास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर ऐसे मामलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां भावनात्मक रिश्तों का फायदा उठाकर महिलाओं का शोषण किया जाता है, जिसका अंजाम बेहद दर्दनाक होता है।
