धान बेचने ओडिशा गए दंपती के घर चोरी, 14.5 लाख के जेवर ले उड़े चोर


बिलासपुर।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। पुराने कमिश्नर बंगले के पीछे 27 खोली क्षेत्र स्थित एक सूने मकान का ताला काटकर चोरों ने करीब 14.5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। वारदात 4 फरवरी की रात की बताई जा रही है।
यह मकान शुभरंजन मिश्रा और उनकी पत्नी रश्मि मिश्रा का है। दंपती 30 जनवरी को साल भर की फसल बेचने अपने पैतृक गांव ओडिशा गए हुए थे। घर की सफाई के लिए उन्होंने चाबी परिचित पुनीता को दे रखी थी। 5 फरवरी की सुबह जब पुनीता सफाई के लिए पहुंची, तो उसने घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। इसके बाद पड़ोसियों को सूचना दी गई।
पड़ोसी के फोन पर घटना की जानकारी मिलते ही शुभरंजन मिश्रा अपनी पत्नी के साथ शाम चार बजे ट्रेन से बिलासपुर के लिए रवाना हुए। देर रात करीब तीन बजे घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बेडरूम की आलमारी और कबर्ड खुली हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी में रखे करीब 30 तोला सोने और कुछ चांदी के जेवर गायब थे। इसके अलावा जरूरी दस्तावेज भी बिस्तर पर बिखरे मिले।
दंपती की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू की। घटनास्थल से आलमारी के पास जेवर का खाली पाउच और एक स्टील का डिब्बा मिला है, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
स्निफर डॉग भी नहीं दिला सका मदद
पुलिस जांच के दौरान स्निफर डॉग ‘रोजी’ को भी घटनास्थल पर लाया गया। रोजी ने चोर की गंध पकड़ते हुए घर के पीछे की दीवार से छलांग लगाई और पानी टंकी के रास्ते कुटुदंड क्षेत्र तक पहुंची, लेकिन वहां मौजूद आवारा कुत्तों के कारण वह भटक गई। इस वजह से पुलिस को डॉग स्क्वॉड से भी कोई खास मदद नहीं मिल सकी।
चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने में नाकाम एसीसीयू
शहर में बीते एक साल के दौरान चोरी की कई बड़ी घटनाओं में एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की टीम कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई है। कई मामलों में चोर मोबाइल और एंड्रॉइड फोन का इस्तेमाल करते पाए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों का हुलिया दिखने के बावजूद आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। इसी को देखते हुए पुलिस ने हाल ही में शहर में बीट प्रणाली को दोबारा लागू किया है।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से रहवासियों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!