श्रीगंगानगर में सनसनीखेज हत्याकांड: शादी के तीन महीने बाद पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की कराई हत्या


श्रीगंगानगर (राजस्थान)। इंदौर की चर्चित सोनम रघुवंशी वाली कहानी अभी खत्म नहीं हुई है । उसी रस्ते पर आज भी कई दुल्हन चल रही है
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी के महज तीन महीने के भीतर ही एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी। यह वारदात न केवल रिश्तों की सच्चाई उजागर करती है, बल्कि समाज को भी झकझोर देने वाली है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला अंजली की शादी 30 अक्टूबर को आशीष से हुई थी। लेकिन शादी से पहले और बाद में अंजली का सात साल पुराना प्रेम संबंध संजय नामक युवक से चल रहा था। हैरानी की बात यह है कि अंजली के परिजनों को इस प्रेम प्रसंग की जानकारी होने के बावजूद उसकी शादी आशीष से करवा दी गई।
शादी के बाद अंजली लगातार अपने पति पर दबाव बना रही थी कि उसे बाहर रहकर पढ़ाई करने की अनुमति दी जाए। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसका उद्देश्य अपने प्रेमी से मिलना-जुलना था। आशीष ने जब इसका विरोध किया तो अंजली ने प्रेमी संजय के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
30 जनवरी को अंजली घूमने के बहाने आशीष को घर से बाहर लेकर गई, जहाँ पहले से उसका प्रेमी संजय अपने साथियों के साथ मौजूद था। वहीं आशीष की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को लूट का रूप देने के लिए आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और गहने भी ले लिए।
घटना के बाद पुलिस को अंजली पति के साथ बेहोशी की हालत में मिली, जिससे शुरू में मामला संदिग्ध लूट जैसा प्रतीत हुआ। लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तो पूरा षड्यंत्र उजागर हो गया।
जांच के दौरान पुलिस के शक की सुई सबसे पहले पत्नी की ओर गई, और कड़ाई से पूछताछ करने पर अंजली टूट गई। उसने हत्या की साजिश में अपनी भूमिका कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी संजय और अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल अंजली सहित सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की आगे की जांच जारी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है और एक बार फिर रिश्तों में विश्वास पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!