

बिलासपुर। निवेश, शेयर ट्रेडिंग और डबल मुनाफे का लालच देकर ठगी का खेल लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों सामने आए तीन अलग-अलग मामलों ने यह साफ कर दिया है कि भरोसे, पहचान और मुनाफे के झांसे में आकर लोग लाखों रुपए गंवा रहे हैं। इन मामलों में कहीं कारोबारी बनकर सोना हड़प लिया गया, तो कहीं निवेश के नाम पर धमकी दी गई और कहीं शेयर ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ठगी की गई।
राजस्थान का बड़ा कारोबारी बनकर विश्वास जीता, 36.83 लाख का सोना ले उड़ा
तेलीपारा रोड स्थित श्री लीला ज्वेलर्स के संचालक तुषार दोशी (44) के साथ करीब 36.83 लाख रुपए की ठगी हो गई। आरोपी ने खुद को राजस्थान के उदयपुर स्थित राम सिल्वर का संचालक कमलेश सोनी बताया और सोना-चांदी का बड़ा थोक कारोबारी होने का भरोसा दिलाया।
6 मार्च 2024 को आरोपी दुकान पहुंचा और 224.670 ग्राम सोने के हार और कंगन यह कहते हुए ले गया कि तय समय पर भुगतान कर देगा। 20 मार्च को जेवर कोरियर के जरिए उदयपुर भेजे गए, लेकिन 28 मार्च को आरोपी ने सिर्फ 6,500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद न पैसे लौटाए गए और न ही जेवर वापस किए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
डबल मुनाफे का झांसा, 15.50 लाख की ठगी
रुपए मांगे तो झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी
डबल मुनाफे के नाम पर कमलेश गवेल (34) से 15.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेवती मैत्री और उसके दो साथियों ने कंपनी में निवेश कराने का झांसा देकर यह रकम वसूली। पैसे वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने, मारपीट करने और झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई।
पीड़ित की पहचान वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से रेवती से हुई थी। उसने खुद को दिल्ली की नैस्वीज रिटेल्स प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत बताया और फाइटोविज व आयोनाइजर मशीन में निवेश कर डबल मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। बाद में इमरान खान और मोहम्मद रहीस से मिलवाकर कोरबा के सिटी सेंटर मॉल स्थित ऑफिस में निवेश योजना बनाई गई। 2023 से जनवरी 2025 तक ऑनलाइन और नकद मिलाकर 15.50 लाख रुपए वसूले गए। पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने का लालच, युवक से 13.90 लाख की ठगी
शेयर बाजार और ट्रेडिंग के नाम पर पेंडारी निवासी किसान अजय कुरें से करीब 13.90 लाख रुपए की ठगी हो गई। ठगी की शुरुआत बिलासपुर के एक होटल में आयोजित फोरेक्स ट्रेडिंग सेमिनार से हुई, जहां आरोपी राधेश्याम बांधे ने डबल मुनाफे का लालच देकर विश्वास जीता।
अजय ने पहले फोन-पे के जरिए 90 हजार रुपए, फिर 12 जून 2023 को एसबीआई के दो चेक के माध्यम से 6 लाख और 7 लाख रुपए आरोपी को दिए। तय समय पर रकम वापस नहीं मिली और आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। लेन-देन बिलासपुर में हुआ, जबकि आरोपी राजनांदगांव का निवासी है। राजनांदगांव पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला सकरी थाने को ट्रांसफर किया, जहां अब धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत जांच जारी है।
सतर्कता जरूरी
इन तीनों मामलों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि निवेश, शेयर, ट्रेडिंग और डबल मुनाफे के झांसे में कहीं भी रकम लगाने से पहले पूरी जांच और सतर्कता बेहद जरूरी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति, सोशल मीडिया संपर्क या बिना दस्तावेजी सत्यापन के निवेश न करें, अन्यथा जीवनभर की कमाई कुछ ही दिनों में हाथ से निकल सकती है।
