
शशि मिश्रा

बलरामपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक विश्वनाथ केरकेट्टा (51) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में प्रधान आरक्षक (Head Constable) के पद पर दंतेवाड़ा में तैनात थे। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक विश्वनाथ ने करीब 10-12 साल पहले क्लॉस्टिका केरकेट्टा (31) से दूसरी शादी की थी, जिससे उनके दो बच्चे भी हैं। क्लॉस्टिका रायपुर में रह रही थी। इसी दौरान साल 2023 में फेसबुक के जरिए उसकी पहचान विवेक टोप्पो नामक युवक से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने मंदिर में गुप्त रूप से शादी भी कर ली थी। जब विश्वनाथ को इस रिश्ते का पता चला, तो घर में विवाद शुरू हो गया। अपने रास्ते से हटाने के लिए पत्नी और प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
साजिश के तहत बुलाया और कर दी हत्या
योजना के मुताबिक, प्रेमी विवेक ने विश्वनाथ को मिलने के बहाने बलरामपुर बुलाया।
-12 जनवरी: विश्वनाथ छुट्टी लेकर बलरामपुर स्थित अपने घर पहुंचे।
-14 जनवरी: विवेक ने मैसेज कर उन्हें सेंदुर नदी के किनारे बुलाया।
-वारदात: जैसे ही विश्वनाथ वहां पहुंचे, विवेक ने लोहे की खुरपी से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
–साक्ष्य मिटाना: आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए विश्वनाथ का मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बैग से निकाल कर छिपा दिए और शव को नदी के दूसरे किनारे ले जाकर रेत में दफन कर दिया।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
बीती 29 जनवरी को कुछ ग्रामीणों ने नदी किनारे सड़ा-गला शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद ASP विश्वदीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने जब विवेक और क्लॉस्टिका से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
