

बिलासपुर। शहर में बंद और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर नगर निगम क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंचकर मोमबत्ती और लालटेन भेंट करेंगे।
जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में 50 प्रतिशत से अधिक स्ट्रीट लाइटें या तो बंद हैं या जर्जर अवस्था में हैं। कई प्रमुख सड़कों और वार्डों में रात के समय घोर अंधेरा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि अंधेरे के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। सुरक्षा की दृष्टि से शहर की स्ट्रीट लाइटों का सुचारू रूप से चालू रहना बेहद जरूरी है, लेकिन नगर निगम इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
कांग्रेस ने नगर निगम से मांग की है कि सभी बंद और खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय-सीमा के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
