तेज रफ्तार ने ली एक की जान, दो हादसों में तीन गंभीर घायल, बाइक पत्थर से टकराई, युवक की मौके पर मौत, नशे में तेज रफ्तार कार पेड़ से भिड़ी, सैलून संचालक समेत दो की हालत नाजुक


बिलासपुर।
जिले में बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों ही मामलों में लापरवाही और तेज गति हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।
हाईवे किनारे पत्थर से टकराई बाइक, युवक की मौत
पहला हादसा सैदा क्षेत्र के पास हाईवे पर हुआ। हिरों के ग्राम कोपरा निवासी धर्मेंद्र श्रीवास (27) की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पत्थर से टकरा गई। हादसे में धर्मेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक धर्मेंद्र सैलून संचालक था। बुधवार को वह तीज नहावन के अवसर पर बाल बनाने सैदा की ओर गया था। दोपहर करीब ढाई बजे काम निपटाकर वह बाइक से गांव लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। सैदा के पास अचानक संतुलन बिगड़ा और हादसा हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
नशे में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई
दूसरी घटना सकरी थाना क्षेत्र के चोरभट्ठी मोड़ के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे हुई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार सवार राजकिशोर नगर निवासी दीपक सिंह, उसके सहकर्मी चंद्रशेखर उपाध्याय और साथी कार्तिक घायल हो गए। तीनों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चंद्रशेखर और कार्तिक की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि दीपक को सिर में चोट आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों कोटा घूमने गए थे और लौटते समय भरनी मोड़ के पास तेज रफ्तार व नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस की अपील
पुलिस ने दोनों ही मामलों में लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग न करने की अपील की है। साथ ही हादसों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!