
शशि मिश्रा
बिलासपुर। मोबाइल हैक कर एक युवक से 2.50 लाख की आनलाइन ठगी कर ली गई।
नागदौने कालोनी निवासी शुभम साहू पिता चंद्रप्रकाश साहू (28 साल) ने रिपोर्ट लिखवाई है कि 31 जनवरी को उनका मोबाइल हैक कर अलग अलग किस्तों में 2 लाख 50 हजार 900 रुपए दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर आनलाइन ठगी कर ली गई है। उन्होंने बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया तब उन्हें रकम ट्रांसफर होने की जानकारी हुई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 4 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना में अमीन-पटवारी की नौकरी लगवाने का झांसा देकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र से पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। कोतवाली थाना प्रभारी देवेश राठौर ने बताया कि अंबिकापुर में
रहने वाला अभय तिवारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। इसी दौरान उसकी पहचान दुर्गेश देवांगन से हुई।
आरोपी ने खुद को प्रभावशाली लोगों से संपर्क वाला बताते हुए अमीन-पटवारी की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बदले में उसने पांच लाख रुपये की मांग की। युवक ने अलग-अलग किस्तों में करीब पांच लाख रुपये उसे दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी ने कुछ समय तक नौकरी लगने का आश्वासन देता रहा। बाद में उसने पीएससी के माध्यम से भी नौकरी लगवाने की बात कही, जिससे पीड़ित का विश्वास और बढ़ गया। काफी समय बीतने के बावजूद जब न तो नौकरी लगी और न ही रुपये वापस किए गए, बाद में मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।
