एग्जाम टाइम : 25 मार्च से 10 अप्रैल तक वार्षिक परीक्षाएं, 30 अप्रैल को आएगा रिजल्ट, 20 अप्रैल तक पूरा होगा मूल्यांकन कार्य


बिलासपुर।
कक्षा पहली से आठवीं तथा कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक स्थानीय परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) की देखरेख में किया जाएगा। इन परीक्षाओं में शासकीय, अनुदान प्राप्त, निजी तथा आत्मानंद स्कूलों के छात्र शामिल होंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 20 अप्रैल 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। विद्यालयवार अंकसूची 25 अप्रैल तक तैयार की जाएगी, जबकि परीक्षा परिणामों की घोषणा 30 अप्रैल को की जाएगी।
पाठ्यक्रम व प्रोजेक्ट कार्य की समय-सीमा तय
सभी विद्यालयों को 28 फरवरी तक पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रोजेक्ट कार्यों की परीक्षा 5 मार्च तक पूर्ण करना अनिवार्य होगा। वार्षिक परीक्षा की समय-सारणी जिला शिक्षा अधिकारी स्तर से जारी की जाएगी।
परीक्षा संचालन के लिए जिला स्तरीय संचालन समिति, प्रश्न पत्र निर्माण समिति एवं मॉडरेशन समिति का गठन किया जाएगा। इन समितियों की समय-सीमा 5 फरवरी तक निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रश्न पत्र तीन सेट में होंगे तैयार
प्रश्न पत्र निर्माण समिति को ब्लूप्रिंट के आधार पर तीन सेट में प्रश्न पत्र तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्य 15 फरवरी तक पूरा किया जाएगा। प्रश्न पत्रों का मॉडरेशन 20 फरवरी तक होगा। इसके बाद जिला स्तरीय संचालन समिति की अनुशंसा पर जिला शिक्षा अधिकारी 25 फरवरी तक मुद्रक को प्रश्न पत्र मुद्रण के लिए सौंपेंगे।
मुद्रक केंद्र द्वारा विषय व कक्षावार प्रश्न पत्र सीलबंद लिफाफों में 15 मार्च तक जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे जाएंगे। इसके बाद संकुल प्राचार्यों द्वारा 20 मार्च तक संबंधित स्कूलों में प्रश्न पत्रों का वितरण किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर होगा मूल्यांकन
वार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। परीक्षा समाप्ति के बाद कक्षा विषय शिक्षक ही मूल्यांकन कार्य करेंगे।
पूरक परीक्षा का मिलेगा अवसर
यदि कोई विद्यार्थी वार्षिक परीक्षा में अनुपस्थित रहता है या अनुत्तीर्ण होता है, तो उसे पूरक परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाएगा। अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए विषय शिक्षक अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर तैयारी कराएंगे। कक्षा पहली से चौथी, छठवीं और सातवीं के विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा में असफल होने पर भी शिक्षोन्नति देकर अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
ऐसे बनेगा परीक्षा परिणाम
निर्देश के अनुसार परीक्षा परिणाम में वार्षिक के साथ त्रैमासिक और छमाही परीक्षा के अंक भी जोड़े जाएंगे।
कक्षा पहली से चौथी, छठवीं और सातवीं में त्रैमासिक परीक्षा के 20 प्रतिशत, छमाही परीक्षा के 20 प्रतिशत और वार्षिक परीक्षा के 60 प्रतिशत अंक जोड़कर परिणाम तैयार किया जाएगा।
कक्षा 9वीं और 11वीं में छमाही परीक्षा के 30 प्रतिशत तथा वार्षिक परीक्षा के 70 प्रतिशत अंक जोड़कर परीक्षाफल घोषित किया जाएगा।
सैंपल प्रश्न पत्रों से कराई जाएगी तैयारी
कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं के ब्लूप्रिंट के अनुरूप प्रश्न पत्र तैयार किए जाएंगे। विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए सैंपल प्रश्न पत्र बनाकर अभ्यास कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!