पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत,बेलतरा–जाली सर्विस रोड पर हादसा, चालक गिरफ्तार


बिलासपुर।
बेलतरा क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बेलतरा–जाली सर्विस रोड पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान ग्राम जाली निवासी संतोष सोनवानी, पिता बंशीलाल सोनवानी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक क्रमांक सीजी 10 बीपी 0424 से किसी काम से बेलतरा आया था। शाम करीब 7.30 बजे वह बेलतरा से जाली की ओर सर्विस रोड से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप क्रमांक सीजी 16 सीएच 4558 ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में संतोष सोनवानी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था।
घटना की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने तलाश कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!