13 फरवरी को होगी बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा,33 पार्षद पूछेंगे 66 सवाल, पेयजल व अवैध निर्माण प्रमुख मुद्दे


बिलासपुर।
नगर निगम की सामान्य सभा का आयोजन 13 फरवरी को किया जाएगा। सामान्य सभा से पहले निगम प्रशासन ने शहर के सभी 70 वार्डों के पार्षदों से उनके-अपने वार्ड से संबंधित प्रश्न आमंत्रित किए थे। इसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के कुल 33 पार्षदों ने 66 प्रश्न प्रस्तुत किए हैं, जबकि 37 पार्षदों ने कोई प्रश्न नहीं भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्ताधारी दल भाजपा के 20 पार्षदों और विपक्षी दल कांग्रेस के 13 पार्षदों ने दो-दो प्रश्न पूछे हैं। पार्षदों द्वारा उठाए गए अधिकांश सवाल पेयजल संकट, अवैध निर्माण, आवारा कुत्तों और मवेशियों की समस्या से जुड़े हुए हैं।
नगर निगम आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रश्नों के लिखित जवाब 6 फरवरी तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किए जाएं, ताकि सामान्य सभा में चर्चा सुचारू रूप से हो सके।
अवैध निर्माण और पेयजल पर उठे सवाल
वार्ड क्रमांक 55 की पार्षद मनोरमा यादव ने अपने वार्ड में बड़े पैमाने पर बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे अवैध निर्माण और गंभीर पेयजल समस्या को लेकर सवाल उठाया है।
वहीं वार्ड क्रमांक 25 के पार्षद रामा बघेल ने भवन शाखा से यह जानकारी मांगी है कि अब तक कितने भवन नक्शे रोके गए हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है।
मोटर पंप खराबी और लंबित कार्रवाई पर सवाल
वार्ड क्रमांक 47 के पार्षद मोहन श्रीवास ने पेयजल आपूर्ति में उपयोग हो रहे मोटर पंपों की खराबी का मुद्दा उठाया है, जिससे नागरिकों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद सीमा सिंह ने पिछली सामान्य सभा में कबाड़ बेचने से जुड़ी शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर निगम प्रशासन से जवाब मांगा है।
नगर निगम की आगामी सामान्य सभा में इन सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!