

बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में घटित एक गंभीर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात 30 जनवरी 2026 की शाम पचरी घाट डैम के पास हुई, जहां पूर्व रंजिश के चलते युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 जनवरी को शाम करीब 7:30 बजे मृतक अमन पचरी घाट डैम के पास मौजूद था। इसी दौरान आरोपी विकास तिवारी (28 वर्ष) निवासी शनिचरी बाजार, बिलासा चौक तथा शैलेंद्र प्रजापति (25 वर्ष) निवासी रामायण चौक, चांटीडीह वहां पहुंचे। पूर्व से चले आ रहे आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने मृतक से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से मृतक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद और तनाव की स्थिति थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। पुलिस के अनुसार, धारदार हथियार से किए गए वार ही मृतक की मृत्यु का प्रत्यक्ष कारण बने।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर जप्त कर लिया गया है।
दरअसल हटरी चौक जूना बिलासपुर निवासी 25 वर्षीय सानू उर्फ अमन हुसैन आदतन अपराधी था। उसने पूर्व में विकास तिवारी पर जानलेवा हमला किया था, जिस मामले में वह जेल में था। सप्ताह भर पहले ही वह जेल से छूटा था। बताते हैं कि इसके बाद से ही वह विकास तिवारी को धमका रहा था कि वह अपना मामला वापस ले ले। इसी वजह से दोनों के बीच रंजिश थी।
शुक्रवार शाम को अमन हुसैन पचरी घाट के ऊपर बने एनीकट के गर्डर में बैठा हुआ था। इसी दौरान विकास तिवारी और उसका साथी शैलेन्द्र वहां पहुंचे। दोनों के बीच बातचीत विवाद में तब्दील हो गई और फिर विकास तिवारी और उसके साथी ने अमन हुसैन पर चाकू से वार कर दिया। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
इसके बाद पुलिस पर प्रेशर बनाने अमन हुसैन के रिश्तेदार और करीबी कोतवाली थाने में हंगामा करते दिखे , जिन्हें पुलिस ने खदेर दिया। इस मामले में विकास तिवारी और उसके साथी ने अमन हुसैन की हत्या की है लेकिन अमन हुसैन भी कोई दूध का धुला हुआ नहीं था और उसके नाम भी कई अपराध दर्ज थे।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की विवेचना गंभीरता से की जा रही है और शेष साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम बताई गई है।
