
शशि मिश्रा

रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रामा वर्ल्ड कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह कॉलोनी के एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय शुभम राणा के रूप में हुई है, जो झारखंड के देवघर जिले का निवासी था। शुभम रामा वर्ल्ड स्थित स्वर्णभूमि कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में कारपेंटर के रूप में काम करता था और वहीं अपने अन्य मजदूर साथियों के साथ रह रहा था।
रात से था लापता, सुबह मिला शव
यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 5 जनवरी की रात करीब 11 बजे शुभम अचानक अपने कमरे से गायब हो गया था। सुबह जब उसके साथी मजदूर उठे, तो उन्होंने निर्माणाधीन मकान के भीतर शुभम का शव पड़ा हुआ देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शव पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद के बाद युवक की हत्या की गई हो सकती है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के साथ काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल जांच में यह सामने आया है कि शुभम का किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन झारखंड से रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
